Monday 18 July 2016

AAP में शामिल हुए सिद्धू, बड़ा सवाल- क्या बनाए जाएंगे पंजाब CM उम्मीदवार?

नई दिल्ली। पंजाब चुनाव से पहले भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। भाजपा के राज्यसभा सदस्य नवजोत सिंह सिद्धू ने इस्तीफा दे दिया है और वे पत्नी समेत आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है।

सिद्धू के निजी सचिव ने इस बात की पुष्टि कर दी है। वहीं पंजाब में आप के संयोजक सुच्चा सिंह ने ट्वीट कर किया है कि सिद्धू का आप में स्वागत है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सिद्धू को पंजाब में मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में पेश किया जाएगा या नहीं? अपुष्ट खबरों के मुताबिक, सिद्धू को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

मालूम हो, सिद्धू लंबे समय से अपनी ही पार्टी से खफा चल रहे हैं। हालांकि पार्टी ने बीती 22 अप्रैल को ही उन्हें राज्यसभा सदस्य बनाया था। क्रिकेटर से राजनेता बने सिद्धू अमृतसर से भाजपा के टिकट पर तीन बार लोकसभा का चुनाव जीत चुके हैं। 2014 के आम चुनाव में उनकी जगह वित्त मंत्री अरुण जेटली को भाजपा ने अमृतसर से पार्टी का उम्मीदवार बनाया था।

पंजाब सरकार में सीपीएस सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू भी भाजपा और अकाली दल के गठबंधन के खिलाफ बयान देती रही हैं। गत दिनों ही उन्होंने कहा था कि सिद्धू पंजाब में तब तक सक्रिय राजनीति नहीं करेंगे जब तक अकाली दल व भाजपा का गठबंधन रहेगा।

Thursday 7 July 2016

इंतजार खत्म, भारत में फोर्ड मस्टंग की लांचिंग 13 जुलाई को

फोर्ड मस्टंग 13 जुलाई को भारत में लॉन्च की जाएगी। यह कार 2016 दिल्ली ऑटो एक्सपो में दिखाई गई थी। इस अमेरिकन पोनी कार की डिजाइन पूरी दुनिया में मशहूर है। भारतीय कार प्रेमी लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे हैं।
फोर्ड मस्टंग का हुड लंबा और रियर छोटा है। इसीलिए इसे पोनी कार भी कहा जाता है। इसमें स्टाइलिश हेडलैंप, रियर डिफ्यूजर, 18-इंच मैग्नेटिक ग्लास पेंट और एल्यूमीनियम के पहिए हैं। भारत में लॉन्च होने वाली फोर्ड मस्टंग में 5.0-लीटर टीआई-वीसीट व8 इंजन है। इसकी कीमत 60 लाख रुपए के आसपास हो सकती है।
फोर्ड मस्टंग सबसे पहले 1965 में लॉन्च की गई थी। भारत में यह कार सीबीयू रूट के जरिए लाई जाएगी।

मोजाम्बिक में पीएम का हुआ भव्‍य स्‍वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 अफ्रीकी देशों की यात्रा के पहले दिन गुरुवार को मोजाम्बिक पहुंचे। पीएम मोदी अल सुबह मोज‍ाम्बिक पहुंचे। 34 साल बाद पीएम मोदी अफ्रीकी देश मोजाम्बिक गए हैं। यहां पहुंचने के बाद पीएम ने कुछ सयम आराम किया जिसके बाद उनका औपचारिक रूप से स्‍वागत किया गया।
स्‍वागत के बाद पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में हिस्‍सा लिया।
इससे पहले मोदी बुधवार रात दिल्‍ली से विशेष विमान से अपनी यात्रा पर रवाना हुए। पांच दिनों की इस यात्रा के दौरान पीएम मोजाम्बिक, दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया और केन्या जाएंगे। माना जा रहा है कि पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान पेट्रोलियम, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, निवेश, कृषि और खाद्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर रहेगा।

'सुल्तान' ने ईद के पहले ही कमा लिए 36.54 करोड़ रुपए

सुपरस्टार सलमान खान की फिल्म 'सुल्तान' बॉक्सऑफिस पर पहले दिन ही छा गई। फिल्मों के ट्रेड जानकार यह बात मानकर चल रहे थे कि हो सकता है कि फिल्म पहले ही दिन रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर ले। यह आंकड़ा 42 करोड़ रुपए का माना जा रहा था। हालांकि ऐसा नहीं हो पाया।
जानकारी के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन 36.54 करोड़ रुपए की कमाई की। सलमान खान की फिल्मों की ओपनिंग के लिहाज से देखा जाए तो 'सुल्तान' का नंबर दूसरा है। कारण कि सलमान खान की फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' को पहले दिन 40.35 करोड़ रुपए की ओपनिंग मिली थी। यह सबसे बड़ी ओपनिंग में शुमार है। इसके बाद 'सुल्तान' का नाम है।

जदयू नेता ने स्मृति ईरानी को लेकर दिया आपत्तिजनक बयान

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का मंत्रालय बदला जाना देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्मृति ईरानी का पोर्टफोलियो बदले जाने पर जदयू सांसद अली अनवर ने बेहद आपत्तिजनक बयान दिया है।
अली अनवर से जब एक इंटरव्यू के दौरान स्मृति ईरानी का मंत्रालय बदले जाने पर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अच्छा हुआ स्मृति को कपड़ा मंत्रालय दिया गया है, कम से कम तन ढंकने के काम आएगा। वो विवाद ही पैदा कर रही थीं। हालांकि, बाद में अली अनवर ने अपने इस बयान पर सफाई भी दी और कहा कि उनकी पार्टी जदयू की तरफ से इस मसले पर कुछ नहीं कहा गया है।
इससे पहले स्मृति ने बुधवार को कपड़ा मंत्रालय ज्वॉइन करने के वक्त पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा- कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना।

बैतूल में सतपुड़ा डेम के 7 गेट खुले, तीन दर्जन गांव से संपर्क टूटा

बैतूल जिले और आसपास के क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के कारण बुधवार की रात सतपुड़ा बांध के सात गेट खोल दिए गए। इससे बांध का पानी कई इलाकों में भर गया और कई गांव का संपर्क दूसरे इलाकों से टूट गया है।
सतपुड़ा डेम में जलस्तर बढ़ने के कारण बुधवार की रात सात गेट खोले गए। रात में ये गेट एक-एक फीट खोले गए थे लेकिन सुबह सात बजे इनकी ऊंचाई दो-दो फीट कर दी गई। इन गेट के माध्यम से बांध से 12000 क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है। बांध का पानी छोड़े जाने से तवा नदी में बाढ़ के हालात बन गए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं।

Tuesday 5 July 2016

यूरो कप: पुर्तगाल-वेल्स मुकाबले में रोनाल्डो और बेल के बीच टक्कर

पुर्तगाल और वेल्स जब यूरो कप फुटबॉल स्पर्धा के सेमीफाइनल में बुधवार को आमने-सामने होंगे तो यह वास्तव में दुनिया के दो दिग्गज खिलाड़‍ियों क्रिस्टियानो रोनाल्डो और गैरेथ बेल के बीच टक्कर होगी।
रीयल मैड्रिड और दुनिया के दो सबसे महंगे खिलाड़‍ियों रोनाल्डो और बेल पर उनके देशों की उम्मीदें टिकी रहेंगी। छह सप्ताह पहले इन दोनों ने एकसाथ मिलकर तीन सालों में दूसरी बार रीयल मैड्रिड का चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीतने का जश्न मनाया था। बेल भले ही रोनाल्डो से ज्यादा कीमत पर स्पेनिश क्लब से जुड़े थे, लेकिन क्लब में उनका दर्जा पुर्तगाली खिलाड़ी के बाद ही आता है। बेल के पास इस टैग को बदलने का सुनहरा मौका रहेगा।