Showing posts with label shivraj singh chauhan. Show all posts
Showing posts with label shivraj singh chauhan. Show all posts

Thursday, 30 June 2016

आठ-दस नए चेहरे शामिल होंगे, कुछ का होगा प्रमोशन

तीसरी बार सत्ता संभालने के ढाई साल बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। शिवराज कैबिनेट में 8 से 10 नए चेहरे शामिल किए जाने की संभावना है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से नए मंत्रियों की सूची पर चर्चा के बाद बुधवार देर शाम शिवराज सिंह चौहान भोपाल पहुंचे।
वे गुरुवार सुबह राज्यपाल रामनरेश यादव से भेंटकर उन्हें शपथ लेने वाले विधायकों की सूची सौंपेंगे। उम्रदराज मंत्रियों में शुमार बाबूलाल गौर (86) और सरताज सिंह (76) को हटाए जाने की चर्चाएं भी देर रात तक चलती रहीं। साथ ही राज्यमंत्रियों की पदोन्नति के साथ मौजूदा मंत्रियों के विभाग भी बदलेंगे।
शपथ समारोह के लिए गुरुवार शाम 5 बजे का समय तय किया है। बता दें कि अभी मंत्रिमंडल में 18 कैबिनेट मंत्री और 4 राज्यमंत्री हैं, जबकि 12 पद खाली पड़े हैं।

Wednesday, 29 June 2016

कैबिनेट विस्तार : मुख्यमंत्री लिस्ट लेकर दिल्ली रवाना

शिवराज मंत्रिमंडल का प्रस्तावित विस्तार दिल्ली में हाईकमान की हरी झंडी मिलने के बाद तय होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सूची लेकर दिल्ली रवाना हो गए हैं, जहां कैबिनेट में शामिल होने वाले चेहरों पर चर्चा के बाद अंतिम रूप दिया जाएगा। सीएम शाम तक वापस भोपाल लौट आएंगे। उधर राज्यपाल को भी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। माना जा रहा है कि रात तक मंत्रिमंडल विस्तार की फाइनल लिस्ट तैयार हो सकती है।
मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले नामों पर मुख्यमंत्री ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान और संगठन महामंत्री सुहास भगत के साथ मंगलवार रात मुख्यमंत्री निवास पर मंथन किया।

Friday, 10 June 2016

नईदुनिया के गौरवशाली इतिहास पर देश को गर्व: शिवराज

नईदुनिया के समृद्ध और गौरवशाली पत्रकारिता के 70 साल के इतिहास पर देश-प्रदेश को गर्व है। इस अखबार ने राहुल बारपुते, राजेन्द्र माथुर और प्रभाष जोशी जैसे दिग्गज संपादक दिए हैं। नईदुनिया के 70वें स्थापना दिवस पर गुरुवार को विधानसभा के मानसरोवर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ये बात कही। मुख्यमंत्री बोले- नईदुनिया अब नई सोच और नए अंदाज के साथ नए कलेवर में और लोकप्रिय होगा।
इससे पूर्व संसदीय पुरस्कार समारोह का आगाज जागरण परिवार के पितृपुरुष पूर्णचंद गुप्त और नरेंद्र मोहन गुप्त के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पण के साथ किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा, जागरण प्रकाशन समूह के सीएमडी महेंद्र मोहन गुप्त, एग्जीक्यूटिव प्रेसीडेंट देवेश गुप्त ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए। नईदुनिया के सीईओ संजय शुक्ला ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।