नेशनल आप्टिकल फाइबर नेटवर्क एनओएफएन के तहत बलरामपुर जिला पूरी तरीके से डिजीटल हो गया है। बलरामपुर प्रदेश का पहला और देश का दूसरा ऐसा जिला है, जहां की सभी ग्राम पंचायतों में इंटरनेट सेवा आरंभ कर दी गई है। झारखंड व उत्तरप्रदेश सरहद से लगे बलरामपुर जिले के सभी पंचायतों में इंटरनेट सेवा आरंभ हो जाने से लोगों का कामकाज और आसान हो गया है। राज्य व केंद्र सरकार की आनलाइन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए ग्रामीणों को अब भटकना नहीं पड़ेगा। पंचायतों में ही इंटरनेट सेवा उपलब्ध हो जाने से ग्रामीणों को अपने गांवों में ही आनलाइन सेवा का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
केन्द्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह की उपस्थिति में आज रायपुर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के 340 ग्राम पंचायतों में इंटरनेट सुविधा का लोकार्पण किया। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला देश का दूसरा ऐसा जिला बन गया है,जहां के सभी ग्राम पंचायत इंटरनेट सेवा से जुड़ गए हैं। देश का पहला जिला केरल का टिइकी है।
No comments:
Post a Comment