![]() |
| इटारसी में गर्मी हुई तेज तो भक्तों ने हनुमानजी के लिए लगा दिया एसी |
मौसम ने मिजाज बदलकर तेज गर्मी शुरू कर दी तो भक्तों ने अपने प्रिय भगवान को इस तेज तपन से बचाने के लिए उनके लिए एसी लगा दिए हैं। इटारसी के हनुमान धाम में विराजे प्रभु हनुमान सहित श्रीराम, माता सीता, श्रीराधाकृष्ण, श्रीगणेश, श्री साईनाथ महाराज के लिए भक्तों ने एसी लगा दिए हैं ताकि उन्हें गर्मी न लगे। भक्तों का कहना है कि गर्मी तेज होने के कारण एसी चालू कर दिए गए हैं। वहीं श्रीद्वारिकाधीश मंदिर में भी प्रभु को गर्मी से राहत दिलाने के लिए कूलर जल्द ही लगने वाला है।
इटारसी सहित आसपास के क्षेत्र में पारा 44 पार कर गया है, लगातार दूसरे दिन पारा इस अंक पर दिन में मौजूद रहा। वहीं रात में भी गर्मी के तेवर प्रारंभ हो गए हैं, पंखों का दम फूलने लगा है। नागरिकों ने कूलर निकाल लिए हैं। शहर के प्रसिद्ध हनुमान धाम मंदिर पीपल मोहल्ला में भगवान को गर्मी से बचाने के लिए एसी चालू कर दिए गए हैं। यहां बजरंगबली के गर्भगृह में एक एसी लगा है और परिसर में मौजूद दो अन्य मंदिरों में भी एक-एक एसी लगाए गए हैं।

No comments:
Post a Comment