Showing posts with label Seoni. Show all posts
Showing posts with label Seoni. Show all posts

Monday, 23 May 2016

सिवनी के घंसौर में डायरिया से 6 की मौत, करीब 100 लोग बीमार

आदिवासी बाहुल्य घंसौर ब्लॉक मुख्यालय सहित करीब छह गांव के उल्टी-दस्त व डायरिया से छह लोगों की मौत हो गई है। जबकि करीब 100 लोग बीमार है। पीड़ित ग्रामीणों को इलाज के लिए सामुदायिक अस्पताल घंसौर में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में डॉक्टर व दवाइयां की व्यवस्था नहीं होने से बीमार ग्रामीण तड़प रहे हैं। सूचना मिलते ही कलेक्टर धनराजू एस ने सोमवार को स्वास्थ्य अमले से साथ घंसौर पहुंचकर मरीजों की हालत का जायजा लिया।
मृतकों में घंसौर निवासी सरोज बाई (65), रमेश पिता बेनीलाल (45), छीतापार गांव निवासी मगनू पिता हिम्मत (60), अगरिया निवासी तिलोक गौंड, जाम गांव निवासी गिरानी पिता बिन्नू गौंड (65) और इत्तू पिता धनीराम गौंड (50) शामिल हैं।
गौरतलब है कि गत दिवस घंसौर क्षेत्र में आई आंधी तूफान और हल्की बारिश के बाद क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के लोग डायरिया और उल्टी दस्त की समस्या से ग्रसित हो गए हैं। डायरिया प्रभावित गांवों में घंसौर, अतरिया, छीतापार, जाम, बिनैकी, बांद्रा, भालीवाड़ा पहाड़ी आदि शामिल हैं।

Friday, 26 February 2016

महाकोशल के अनेक जिलों में बारिश, सिवनी में गिरे ओले

महाकोशल के अनेक जिलों में बारिश, सिवनी में गिरे ओले
महाकोशल के जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी सहित अन्य जिलों में शुक्रवार सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। इसी के साथ सिवनी जिले में ओलावृष्टि हुई। जिससे खेतों में नमी और मौसम में ठंडक घुल गई। पिछले दो दिनों से मौसम ने अचानक करवट ले ली है।
गर्मी के बाद अचानक रातें ठंडी होने लगी थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह की बूंदाबांदी ने मौसम में और ठंडक घोल दी। इसके अलावा सिवनी जिले में ओला गिरने से किसानों को एक बार फिर से चिंता होने लगी है। वहीं अचानक मौसम हुए इस बदलाव से कुछ लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सिवनी से 65 किमी दूर लखनादौन नगर व आसपास के एक दर्जन गांवों में शुक्रवार दोपहर 15 मिनट हुई बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। दोपहर 2 बजे शुरू हुई बारिश में करीब 5 मिनट तक ओले गिरे। तेज ओला वृष्टि से लखनादौन नगर की सड़क व मैदानों में ओले की परत कुछ क्षणों के लिए दिखाई दी। हालांकि कुछ ही देर में मौसम साफ हो गया।